जमीन कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, हालत गंभीर

रांची :  रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित ओटीसी मैदान के समीप मंगलवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई। बाइक सवार तीन अपराधियों ने जमीन कारोबारी भार्गव सिंह को गोली मार दी। घटना सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। उस समय भार्गव सिंह मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे।

गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पारस अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, गोली उनके सीने के दाहिने हिस्से में लगी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जमीन विवाद से जुड़ा मामला
सूत्रों के अनुसार, भार्गव सिंह ‘गोल्डन सिटी इंडिया’ नामक कंस्ट्रक्शन कंपनी चलाते हैं और हुरहुरी इलाके में नए प्रोजेक्ट की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनका जमीन को लेकर विजय हेंड्रिक टेटे नामक व्यक्ति से विवाद हुआ था। दोनों के बीच पहले कहासुनी भी हो चुकी थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते हमले की साजिश रची गई।
रेकी के बाद दिया वारदात को अंजाम
स्थानीय लोगों का कहना है कि भार्गव सिंह हर मंगलवार को मंदिर में पूजा करने आते थे। अपराधियों ने उनकी दिनचर्या पर नजर रखी और पहले रेकी की, फिर योजनाबद्ध तरीके से हमला कर फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।

रिपोर्टर : राशीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.