जगन्नाथपुर मंदिर गार्ड हत्याकांड पर फूटा गुस्सा, सड़क जाम कर आदिवासी संगठनों का हंगामा

रांची : रांची के जगन्नाथपुर मंदिर के पारस हुए गार्ड हत्याकांड के बाद अब मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आदिवासी संगठनों ने इस घटना के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया और मृतक बिरसा मुंडा के परिजनों को मुआवजा देने की मांग उठाई।  प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मंदिर के पास मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। इस दौरान प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि घटना के बाद भी अब तक पीड़ित परिवार को उचित सहायता नहीं मिली है, जो बेहद दुखद है।

मुआवजे और सुरक्षा की मांग

आदिवासी संगठनों ने मांग की कि मृतक के परिवार को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए और परिवार के एक सदस्य को नौकरी भी दी जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

हिंदू संगठनों पर साधा निशाना

प्रदर्शन के दौरान आदिवासी संगठनों ने कुछ हिंदू संगठनों पर भी निशाना साधा। उनका आरोप था कि घटना के बाद माहौल को गलत दिशा देने की कोशिश की जा रही है, जिससे सामाजिक तनाव बढ़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और किसी भी तरह की अफवाहों पर रोक लगाई जाए।

मौके पर पहुंची पुलिस, समझाने की कोशिश

सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। काफी देर तक बातचीत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और धीरे-धीरे जाम हटाया गया। घटना और प्रदर्शन के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ा दी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। स्थानीय लोग अब जल्द कार्रवाई और ठोस कदम उठाए जाने की मांग कर रहे हैं, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और इलाके में शांति बनी रहे।

रिपोर्टर : नदीम दानिश 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.