राँची के जगन्नाथपुर मंदिर में तैनात सुरक्षा कर्मी बिरसा मुंडा की बेरहमी से हत्या
राँची : राँची के जगन्नाथपुर मंदिर में तैनात सुरक्षा कर्मी बिरसा मुंडा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद अपराधियों ने मंदिर की दान पेटी को तोड़कर वहां रखी नगदी भी लूट ली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही रांची पुलिस एक्शन में आ गई। वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के नेतृत्व में सिटी एसपी, रूरल एसपी, डीएसपी, स्थानीय थाना पुलिस और तकनीकी टीम को मिलाकर एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) गठित की गई।
प्रेस वार्ता में एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि रांची की पहचान माने जाने वाले जगन्नाथपुर मंदिर में तैनात सुरक्षा गार्ड की हत्या कर दी गई है और दान पेटियों को तोड़कर पैसे चोरी किए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद हत्या और चोरी में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया खून लगा पत्थर, दान पेटी का ताला तोड़ने में इस्तेमाल लोहे की छड़ और चोरी की गई करीब 3 लाख रुपये की राशि बरामद कर ली है। साथ ही आरोपियों द्वारा खरीदे गए नए कपड़े और अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि सभी आरोपी उसी इलाके के रहने वाले हैं और उन्हें मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी थी। उन्हें आशंका थी कि सुरक्षा गार्ड उन्हें पहचान सकता है, इसलिए पहले उसकी हत्या की गई और फिर चोरी को अंजाम दिया गया।
मुख्य आरोपी रचित के खिलाफ पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्टर : लक्की

No Previous Comments found.