राँची में नशे के खिलाफ सख्त अभियान, एसएसपी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक
राँची : राँची के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) की अध्यक्षता में शनिवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर में बढ़ते नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए व्यापक और सख्त अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पुलिस अधीक्षक (यातायात), सहायक पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रमुख थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान निर्देश दिया गया कि शहर में ड्रग्स नेटवर्क और उसके हॉटस्पॉट्स की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में जमानत पर बाहर आए अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने का आदेश दिया गया।
एसएसपी ने यह भी निर्देश दिया कि मंदिरों, पार्कों, खेल मैदानों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नियमित गश्ती बढ़ाई जाए, ताकि नशाखोरी और अड्डेबाजी जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
इसके अलावा आदतन नशा तस्करों के विरुद्ध सीसीए (क्राइम कंट्रोल एक्ट) के तहत कार्रवाई प्रस्तावित करने तथा महिला अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि राँची जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर उसे तुरंत लागू किया जाएगा। नशे के खिलाफ चलाए जाने वाले इस अभियान की प्रतिदिन समीक्षा तीनों एसपी स्तर पर की जाएगी।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी

No Previous Comments found.