उमेडंडा में पूर्व पंचायत समिति सदस्य के घर लाखों की चोरी, ग्रामीणों में दहशत
रांची : बुढ़मू थाना क्षेत्र के उमेडंडा पंचायत में शनिवार देर रात बेखौफ चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने पूर्व पंचायत समिति सदस्य प्रदीप साहू के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 25 अप्रैल की देर रात की है। बताया जा रहा है कि चोर घर के पीछे के रास्ते से अंदर दाखिल हुए और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने अलमारी और लॉकर के ताले तोड़ दिए और उसमें रखे कीमती आभूषण तथा भारी मात्रा में नकद राशि लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी रविवार सुबह तब हुई, जब घर के सदस्यों ने सामान बिखरा देखा। इसके बाद तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश की जा रही है। साथ ही संभावित सुराग के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस वारदात के बाद उमेडंडा पंचायत के ग्रामीणों में भय और असुरक्षा की भावना व्याप्त है। लोगों का कहना है कि रात के समय गश्ती व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
स्थानीय प्रशासन ने भी लोगों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी


No Previous Comments found.