सनसनीखेज वारदात: गोद ली हुई बेटी ने प्रेमी संग मिलकर की मां की हत्या, दफन के बाद खुला राज

रांची : रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित मनीटोला में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक गोद ली हुई बेटी ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर अपनी मां नाहिद परवीन की निर्मम हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी युवती सामान्य जीवन जीती रही और ऑनलाइन चाउमीन व मिठाइयां मंगाकर खाती रही।

पुलिस ने इस मामले में युवती समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
पेंशन के पैसों को लेकर था विवाद
मृतका नाहिद परवीन अपने पति की मृत्यु के बाद अकेले अपनी गोद ली हुई बेटी के साथ रहती थीं। उनके पति बिजली विभाग में कार्यरत थे और उनकी मृत्यु के बाद मिलने वाली पेंशन ही घर का मुख्य सहारा थी। बताया जा रहा है कि इसी पेंशन के पैसों को लेकर मां-बेटी के बीच अक्सर झगड़े होते थे, जो धीरे-धीरे गंभीर रूप लेता गया।
 साजिश के तहत बुलाया प्रेमी

पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार रात की है। युवती ने अपने प्रेमी और उसके एक दोस्त को घर बुलाया। देर रात तीनों ने मिलकर नाहिद परवीन के साथ मारपीट की और फिर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए।

झूठी कहानी गढ़कर कराया दफन 

अगली सुबह युवती ने रिश्तेदारों को फोन कर बताया कि उसकी मां बाथरूम में गिर गई हैं, जिससे उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर रिश्तेदार हजारीबाग और उत्तर प्रदेश से रांची पहुंचे। बिना किसी संदेह के रविवार को शव को दफना दिया गया।

शक के बाद खुला राज 

मोहल्ले के कुछ लोगों को घटना पर शक हुआ। उन्होंने देखा कि मृतका के शरीर पर चोट के निशान और गले के पास कट के घाव थे। धीरे-धीरे यह बात फैलती गई और अंततः पुलिस तक पहुंची।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि हुई, जिसके बाद युवती और उसके साथियों को हिरासत में लिया गया।

जांच जारी, और खुलासों की संभावना 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ जारी है और इस मामले में और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं। घटना ने रिश्तों की संवेदनशीलता और लालच के खतरनाक रूप को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
यह मामला न सिर्फ एक जघन्य अपराध है, बल्कि समाज में बदलते पारिवारिक संबंधों पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

 रिपोर्टर : राशीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.