अंधेरे से उजाले की ओर: मनातू में 25 केवी ट्रांसफार्मर का उद्घाटन, गर्मी में मिली बड़ी राहत
बुढ़मू (रांची) : प्रखंड के ग्राम मनातू में बिजली संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को आखिरकार बड़ी राहत मिल गई। लंबे समय से खराब पड़े ट्रांसफार्मर के कारण परेशानियों का सामना कर रहे गांव में 25 केवी क्षमता के नए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन विधायक प्रतिनिधि शमीम बड़ेहार ने फीता काटकर विधिवत किया।
गर्मी के चरम पर बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। पानी की किल्लत, गर्मी से बेहाल लोग और प्रभावित हो रहे छोटे-मोटे कार्यों ने स्थिति को और गंभीर बना दिया था। ऐसे में नए ट्रांसफार्मर की स्थापना को गांव के लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं माना जा रहा है।
उद्घाटन के बाद पूरे गांव में खुशी का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को बधाई दी और इस पहल के लिए कांके विधायक श्री सुरेश कुमार बैठा के प्रति तहे दिल से आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि अब नियमित बिजली आपूर्ति से उनकी रोजमर्रा की जिंदगी आसान होगी।इस मौके पर मुदस्सिर एहरार, भूषण पहान, नरेश यादव, तापस यादव, राम किशोर पहान, कुदूस अंसारी, अंसारुल अंसारी, भोला यादव, गुलमोहमद अंसारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी

No Previous Comments found.