विधानसभा क्षेत्र में हुई चोरी का खुलासा, ज्वेलरी दुकान संचालक सहित 4 गिरफ्तार

रांची : रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत डोरिया टोली में एक बंद घर में हुई चोरी की बड़ी घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एसआईटी ने इस मामले में चोरी का सामान खरीदने वाले ज्वेलरी दुकान संचालक सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अपराधियों के पास से भारी मात्रा में सोना, नकद रुपये और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 26 अप्रैल की रात अंजु तिग्गा के बंद घर में अज्ञात अपराधियों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में विधानसभा थाना में मामला दर्ज कर जांच के लिए हटिया डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई थी। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सबसे पहले प्रशांत कुमार पासवान को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ के दौरान अपने साथियों दीपक वर्मा और जीतू कुमार पाण्डेय के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार की।

चोरी का सोना खरीदने वाला दुकानदार भी गिरफ्तार

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चोरी के आभूषण धुर्वा स्थित एसपी सन्स ज्वेलर्स के संचालक नितिश कुमार को बेचे थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकानदार नितिश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है। अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 90 ग्राम सोना (बिस्किट और बाली), 1 लाख 5 हजार 70 रुपये नकद, एक लैपटॉप, दो गैस सिलेंडर, दो मोबाइल और एक टीवीएस स्कूटी बरामद की है।

आरोपियों का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से जीतू कुमार पाण्डेय और प्रशांत पासवान का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। जीतू के खिलाफ जगरनाथपुर, अरगोड़ा और डोरंडा थाना में चोरी व अन्य धाराओं के तहत पहले से चार मामले दर्ज हैं। वहीं प्रशांत पासवान के खिलाफ भी डोरंडा थाना में मामला दर्ज है। इस छापेमारी दल में हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा, विधानसभा थाना प्रभारी गणेश कुमार यादव और पुन्दाग ओपी प्रभारी संजीव कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
1. दीपक वर्मा, न्यू पुन्दाग, रांची।
2. जीतू कुमार पाण्डेय, सेल सिटी, न्यू पुन्दाग, रांची।
3. प्रशांत पासवान उर्फ बोधा, सेल सिटी, रांची।
4. नितिश कुमार (ज्वेलर), धुर्वा, रांची।

रिपोर्टर :  नदीम दानिश 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.