पतरातू में पत्रकारों का राष्ट्रीय सम्मेलन संपन्न, सरकार तक उठेंगी पत्रकार हित की आवाज़।।

रांची : पतरातू। झारखंड अंतर्गत पतरातू स्थित एलेक्सा रिजॉर्ट में भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ (बीएसपीएस) की 12वीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक भव्य रूप से आयोजित की गई। देशभर के विभिन्न राज्यों सहित नेपाल से आए पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल शामिल हुए। उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि रेलवे में रियायत, रोड टोल में छूट, पत्रकार सुरक्षा कानून और स्वास्थ्य बीमा जैसी चार प्रमुख मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकार ही समाज और देश में हो रही गतिविधियों को उजागर करते हैं, विशेषकर झारखंड में खनिज चोरी जैसे मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर लाने में मीडिया की अहम भूमिका रही है।

वहीं बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का आधार स्तंभ है और इसके बिना लोकतंत्र की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने आयोजन के लिए पत्रकारों को धन्यवाद देते हुए अपने क्षेत्र में इस तरह के कार्यक्रम को गौरवपूर्ण बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बीएसपीएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक पांडेय ने की, जबकि संचालन महामंत्री नवीन आनंद जोशी और राष्ट्रीय सचिव चंदन मिश्रा ने किया। संगठन के संस्थापक शाहनवाज हसन ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठन की उपलब्धियों और उद्देश्य पर प्रकाश डाला।

"पत्रकारिता पर गंभीर मंथन"

वरिष्ठ पत्रकार अशोक पांडेय ने “ढहता चौथा स्तंभ और दम तोड़ता लोकतंत्र” विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि पत्रकारिता में गिरावट चिंता का विषय है और इसके लिए आंतरिक सुधार जरूरी है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष, संयमित और जिम्मेदार पत्रकारिता करने की अपील की।

"राष्ट्रीय स्तर पर संगठन विस्तार के निर्णय"

बैठक में कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक निर्णय लिए गए—
पश्चिम बंगाल यूनिट के अध्यक्ष शैलेश्वर पांडा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया
मध्य प्रदेश अध्यक्ष अरुण सक्सेना को राजस्थान विस्तार की जिम्मेदारी
संगठन विस्तार के लिए विभिन्न राज्यों में प्रभारियों की नियुक्ति
जुलाई में मध्य प्रदेश के मांडव में अगली बैठक किया जाएगा।
सितंबर में लखनऊ में तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यक्रम
पत्रकारों ने रखी अपनी बात
बैठक में असम के राहुल कर्मकार, बिहार के अजय कुमार, पश्चिम बंगाल के शुभेंदु चटर्जी, आंध्र प्रदेश के वीर भद्र राव, उत्तर प्रदेश के जायद बाजपेई, उत्तराखंड के नवीन पांडे और नेपाल से जनमदेव जैसी सहित कई प्रतिनिधियों ने अपने-अपने राज्यों की समस्याएं और अनुभव साझा किए। मध्य प्रदेश में वरिष्ठ पत्रकारों को दी जा रही ₹20,000 मासिक सम्मान राशि का उल्लेख करते हुए इसे पूरे देश में लागू करने की मांग उठाई गई। "भव्य और ऐतिहासिक आयोजन" कार्यक्रम में देशभर के सैकड़ों पत्रकारों की उपस्थिति रही। आयोजन समिति, झारखंड प्रदेश इकाई और झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (जेजेए) की सराहना करते हुए इसे ऐतिहासिक बताया गया। अतिथियों को स्मृति चिन्ह और बुके देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मेलन ने पत्रकारों के बीच संवाद, सहयोग और एकजुटता को नई मजबूती दी तथा पत्रकार हितों के लिए सामूहिक आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया गया।

 रिपोर्टर : राशीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.