रांची बेड़ो मे तेज आंधी-बारिश से विधवा महिला का घर उजड़ा
रांची बेड़ो मे तेज आंधी-बारिश से विधवा महिला का घर उजड़ा, मुखिया ने मौके पर पहुंच कर दिया सहायता का भरोसा
प्रकृति की मार से गरीब परिवार पर टूटा कहर, छत उड़ने से खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर महिला
रांची बेड़ो- प्रखंड के मुरतो पंचायत अंतर्गत ग्राम पहाड़कंडरिया में शनिवार शाम लगभग 3 बजे आई तेज आंधी और बारिश ने एक गरीब विधवा महिला के आशियाने को उजाड़ दिया। जानकारी के अनुसार यशोदा देवी, पति स्वर्गीय कृष्णा गोप, के घर का छत तेज हवाओं के कारण पूरी तरह उड़ गया, जिससे उनका घर रहने लायक नहीं बचा। अचानक आई इस आपदा से महिला के सामने रहने और खाने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में भी चिंता का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि आंधी इतनी तेज थी कि कई जगहों पर नुकसान की खबरें सामने आई हैं, लेकिन यशोदा देवी का नुकसान सबसे अधिक हुआ है। एकमात्र सहारा छिन जाने से वह खुले आसमान के नीचे जीवन बिताने को मजबूर हो गई हैं।
मामले की सूचना मिलते ही पंचायत की मुखिया सुनीता सोरेंग तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचीं और पीड़ित महिला से मिलकर उनका हालचाल जाना। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि पीड़ित परिवार को राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने प्रशासन से भी शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
जब प्रकृति का प्रकोप बढ़ता है, तब इंसानियत की जिम्मेदारी और भी बड़ी हो जाती है।”
रांची से नदीम दानिश की रिपोर्ट


No Previous Comments found.