सेवानिवृत्त सेना अधिकारी सत्येंद्रनाथ सिंह का गांव में भव्य स्वागत

बुढ़मू : बुढ़मू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बाड़े में रविवार को भारतीय सेना से सेवानिवृत्त जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) सत्येंद्रनाथ सिंह के पैतृक गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। गांव में उनके सम्मान में फूल-मालाएं, ढोल-नगाड़े और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अभिनंदन किया गया। समारोह में सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए।

स्वर्गीय मनबहाल सिंह के सबसे छोटे पुत्र सत्येंद्रनाथ सिंह ने भारतीय सेना में लगभग 30 वर्षों तक सेवा दी है। अपने सेवा काल में उन्होंने 1999 के कारगिल युद्ध, 2017 के डोकलाम विवाद, गलवान घाटी से जुड़े अभियानों तथा ऑपरेशन सिंदूर जैसे महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके अलावा उन्होंने पंजाब, लेह-लद्दाख, जैसलमेर और नागालैंड जैसे दुर्गम इलाकों में भी अपनी सेवाएं दीं।
इस अवसर पर सत्येंद्रनाथ सिंह ने गांव के युवाओं को भारतीय सेना एवं अन्य सशस्त्र बलों में शामिल होकर देश सेवा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं को सेना भर्ती की तैयारी के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और प्रारंभिक प्रशिक्षण देने का आश्वासन भी दिया।
ग्रामीणों ने कहा कि सत्येंद्रनाथ सिंह का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। समारोह में विधायक प्रतिनिधि शमीम बड़ेहार, बड़े भाई नवलनाथ सिंह, दूरदर्शन कलाकार सुनील सिंह बादल, भुवनेश्वर सिंह, रंथेश्वर शाही, शंकर शाही, देवनारायण सिंह, रामदेव सिंह, परशुराम सिंह, कुदूस अंसारी, अंसारुल हक, हफिज राजा सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।

रिपोर्टर : राशीद अंसारी 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.