करमटोली चौक स्थित होटल में भीषण आग,लाखों की संपत्ति जलकर राख
रांची : राजधानी रांची के करमटोली चौक स्थित लिवी होटल में मंगलवार अहले सुबह भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया और होटल में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान समेत अन्य सामग्री जलकर राख हो गई।
घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने होटल से धुआं और आग की ऊंची लपटें निकलती देख तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैल रही थी, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते दमकल कर्मियों की कार्रवाई से आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोक लिया गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है। घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग लगने की घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी

No Previous Comments found.