भगवान भी नहीं सुरक्षित: केला बागान स्थित शिव-हनुमान मंदिर में तीसरी बार चोरी,श्रद्धालुओं में आक्रोश

रांची : पिठौरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत केला बागान स्थित प्राचीन शिव एवं हनुमान मंदिर में एक बार फिर चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। बीती रात अज्ञात चोरों ने मंदिर को निशाना बनाते हुए तांबा एवं पीतल की कई कीमती पूजन सामग्रियों पर हाथ साफ कर दिया। लगातार तीसरी बार मंदिर में हुई चोरी की इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है तथा स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार चोर देर रात मंदिर परिसर में घुसे और वहां रखे पूजा-पाठ में उपयोग होने वाले कई महत्वपूर्ण सामान चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामानों में करीब पांच किलो वजनी बड़ा घंटा, एक हाथ घंटी, पूजा की दो थालियां, चार से पांच पीतल के दिए, पांच कटोरियां, पांच गिलास, एक बड़ा एवं एक छोटा लोटा शामिल हैं। इसके अलावा मंदिर में स्थापित तांबे के दो शेषनाग सहित अन्य धार्मिक सामग्री भी गायब बताई जा रही है।
सुबह जब मंदिर के पुजारी एवं स्थानीय श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तब मंदिर का सामान बिखरा देख घटना की जानकारी हुई। चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए। लोगों ने घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि अब भगवान का घर भी सुरक्षित नहीं रह गया है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी इसी मंदिर में दो बार चोरी हो चुकी है, लेकिन अब तक किसी भी मामले में अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर पिठौरिया क्षेत्र में विशाल शिव कथा एवं धार्मिक आयोजनों का दौर चल रहा है, जहां प्रतिदिन हजारों-लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मंदिरों को निशाना बनाया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंता का विषय है। लोगों ने आशंका जताई कि सक्रिय चोर गिरोह धार्मिक स्थलों को निशाना बना रहा है।
मंदिर समिति के सदस्यों ने प्रशासन से मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
घटना की सूचना मिलने के बाद पिठौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

रिपोर्टर : राशीद अंसारी 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.