रातू में बेतरतीब पार्किंग और बिना नंबर प्लेट वाले टुकटुक से बढ़ी परेशानी

रातू :  रातू प्रखंड के काठीटांड चौक, तिलता ओवरब्रिज, रेडियो स्टेशन रोड, ठाकुरगांव रोड, मांडर रोड समेत आसपास के इलाकों में इन दिनों बेतरतीब तरीके से खड़े टुकटुक और ऑटो लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गए हैं। मुख्य चौक-चौराहों पर घंटों वाहन खड़े रहने से रोजाना जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इससे स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि टुकटुक चालक सवारियों के इंतजार में दुकानों और प्रतिष्ठानों के सामने लंबे समय तक वाहन खड़ा कर देते हैं। कई चालक सड़क के बीचों-बीच वाहन रोककर सवारी बैठाने और उतारने लगते हैं, जिससे यातायात बाधित हो जाता है। खासकर सुबह और शाम के समय काठीटांड चौक एवं तिलता चौक पर स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। जाम के कारण लोगों को कई बार आधे घंटे तक फंसे रहना पड़ता है।
दुकानदारों का कहना है कि सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों की वजह से ग्राहकों को दुकान तक पहुंचने में दिक्कत होती है। कई ग्राहक जाम और भीड़ देखकर वापस लौट जाते हैं, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि चौक के आसपास स्थायी पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण चालक जहां जगह मिलती है, वहीं वाहन खड़ा कर देते हैं।

 "बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहे वाहन बने चिंता का कारण" 

क्षेत्र के लोगों ने बताया कि इलाके में बड़ी संख्या में टुकटुक और ऑटो बिना नंबर प्लेट के चल रहे हैं। कुछ वाहनों पर अस्थायी नंबर लिखे गए हैं, जबकि कई वाहनों पर किसी प्रकार का रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं दिखता। स्थानीय लोगों का दावा है कि क्षेत्र में करीब 25 प्रतिशत टुकटुक बिना नंबर प्लेट के परिचालित हो रहे हैं। इससे दुर्घटना या किसी आपराधिक घटना की स्थिति में वाहन की पहचान करना मुश्किल हो सकता है।
लोगों का कहना है कि बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के कारण यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है। कई चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। स्कूल और बाजार क्षेत्र होने के कारण बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।

 "प्रशासन से विशेष जांच अभियान चलाने की मांग" 

स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और वाहन चालकों ने प्रशासन एवं परिवहन विभाग से क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाने की मांग की है। लोगों ने कहा कि बिना नंबर प्लेट के चल रहे वाहनों पर कार्रवाई होनी चाहिए तथा चौक-चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती की जानी चाहिए। साथ ही टुकटुक और ऑटो के लिए अलग स्टैंड एवं पार्किंग व्यवस्था बनाने की भी मांग उठाई गई है, ताकि जाम की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में यातायात व्यवस्था और अधिक खराब हो सकती है।

रिपोर्टर : राशीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.