खराब सड़क, बढ़ा टोल… जनता बेहाल!
राँची : राँची-डाल्टनगंज मुख्य मार्ग पर स्थित मांडर टोल प्लाजा में टोल टैक्स की दरों में भारी बढ़ोतरी किए जाने के बाद आम लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। नई दर लागू होने के बाद अब कार चालकों को एक तरफ की यात्रा के लिए ₹80 के बजाय ₹120 चुकाने पड़ रहे हैं, जबकि एक ही दिन में वापसी करने पर कुल शुल्क ₹120 से बढ़ाकर ₹180 कर दिया गया है।
इस फैसले का सबसे अधिक असर पलामू, गढ़वा, लातेहार और लोहरदगा के हजारों लोगों पर पड़ रहा है, जो रोजाना इलाज, नौकरी, व्यापार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए राँची आते-जाते हैं।
पहले और अब का टोल शुल्क
पहले : ₹80 (वन वे) + ₹40 (रिटर्न) = ₹120
अब : ₹120 (वन वे) + ₹60 (रिटर्न) = ₹180
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि सड़क की हालत पहले से ही कई जगह बदहाल है। जगह-जगह गड्ढे, अधूरी मरम्मत और जाम जैसी समस्याओं से यात्रियों को रोज परेशानी उठानी पड़ती है। इसके बावजूद टोल दरों में अचानक इतनी बड़ी बढ़ोतरी करना आम जनता की जेब पर अतिरिक्त बोझ डालने जैसा है।
लोगों ने सरकार और संबंधित एजेंसी से मांग की है कि पहले सड़क की स्थिति सुधारी जाए, उसके बाद ही टोल टैक्स बढ़ाने पर विचार किया जाए। आम जनता का सवाल है — “जब सड़क सुविधा पूरी नहीं, तो टोल वसूली में इतनी तेजी क्यों?”
रिपोर्टर : राशीद अंसारी

No Previous Comments found.