रांची में अड्डेबाजों पर पुलिस का बड़ा एक्शन,CIP-IIMC मैदान में छापेमारी

रांची : राजधानी रांची में बढ़ती अड्डेबाजी, शराबखोरी और जुआ खेलने की शिकायतों के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। राकेश रंजन के निर्देश पर शहर और आसपास के इलाकों में विशेष अभियान चलाकर अवैध अड्डों पर कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से अड्डेबाजों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार कांके थाना क्षेत्र स्थित CIP मैदान और IIMC मैदान में पुलिस ने अचानक छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि शाम होते ही इन मैदानों में शराबियों और जुआ खेलने वालों का जमावड़ा लग रहा है।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की और मैदान में बैठकर शराब पीने व जुआ खेलने वालों को कड़ी चेतावनी दी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, जुआ और अड्डेबाजी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्रवाई के दौरान कई लोगों को वहां से हटाया गया तथा इलाके में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
इधर नामकुम थाना क्षेत्र में भी अवैध अड्डेबाजी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी कर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की। स्थानीय लोगों की शिकायत थी कि कुछ इलाकों में शाम होते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगा था, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी।
पुलिस ने अभियान के दौरान लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि कहीं भी अवैध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत सूचना दें। वहीं एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों को सुरक्षित रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्ती और निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।

रिपोर्टर : राशीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.