रांची पुलिस ने नामकुम में मोटरसाइकिल चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार
रांची : नामकुम थाना क्षेत्र में सक्रिय मोटरसाइकिल चोर गिरोह पर रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक चोरी की बाइक लेकर रामपुर की ओर जा रहा है। सूचना पाकर पुलिस की टीम तुरंत सिदरौल जोड़ा मंदिर के पास पहुंची और आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की बाइक और गिरोह के अन्य सदस्यों के नामों का खुलासा किया। पुलिस ने जांच में यह तथ्य भी सामने लाया कि गिरोह के सदस्य रांची के अलग-अलग इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी करते और फिर उनके नंबर प्लेट बदलकर उन्हें अवैध रूप से बेच देते थे।
पुलिस ने गिरोह के सात सदस्यों को दबोचते हुए उनके कब्जे से 12 चोरी की मोटरसाइकिल और 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह का नेटवर्क शहर के कई हिस्सों तक फैला हुआ था और यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि ऐसे गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी

No Previous Comments found.