भीषण गर्मी में ट्रैफिक जवानों को राहत,रांची पुलिस ने शुरू किया “कूलिंग जैकेट” का ट्रायल।।
रांची : भीषण गर्मी में लगातार ट्रैफिक ड्यूटी कर रहे पुलिस जवानों को राहत देने के लिए रांची पुलिस ने अत्याधुनिक “कूलिंग जैकेट” का ट्रायल शुरू किया है। यह पहल जवानों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इन विशेष जैकेटों में इन-बिल्ट फैन सिस्टम लगाया गया है, जो लगातार हवा का प्रवाह बनाकर शरीर के तापमान को नियंत्रित रखने में मदद करता है। इससे ट्रैफिक पुलिसकर्मी तेज धूप और गर्मी के बीच भी अधिक आरामदायक तरीके से अपनी ड्यूटी निभा सकेंगे।
जानकारी के अनुसार, जैकेट पावर बैंक से संचालित होती है और एक बार चार्ज होने पर लगभग 8 घंटे तक लगातार काम करती है। इसके कपड़े में SPF 50 सुरक्षा दी गई है, जो धूप और हानिकारक किरणों से बचाव करती है। वहीं, रात के समय ड्यूटी के दौरान जवानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसमें रिफ्लेक्टिव रेडियम स्ट्रिप्स भी लगाई गई हैं, जिससे दूर से ही उनकी पहचान आसानी से हो सके।
फिलहाल रांची पुलिस ने 5 कूलिंग जैकेटों का ट्रायल शुरू किया है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रायल सफल होने और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद भविष्य में और जैकेट खरीदी जाएंगी।
पुलिस विभाग की इस नई पहल को आधुनिक तकनीक के जरिए पुलिस व्यवस्था को अधिक स्मार्ट, सुरक्षित और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी

No Previous Comments found.