10 लाख का इनामी PLFI स्टेट चीफ अमृत होरो गिरफ्तार
रांची : रांची पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के स्टेट चीफ और 10 लाख रुपये के इनामी नक्सली अमृत होरो उर्फ मेचो उर्फ सूर्या को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक स्वचालित पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और नक्सली पर्चे बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार अमृत होरो पिछले 16 वर्षों से झारखंड के विभिन्न जिलों में सक्रिय रहकर हत्या, रंगदारी, लेवी वसूली, फायरिंग और आगजनी जैसी नक्सली घटनाओं को अंजाम दे रहा था। उसके खिलाफ रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में 50 से अधिक मामले दर्ज हैं।
"गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई"
वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को सूचना मिली थी कि अमृत होरो अपने साथियों के साथ लापुंग थाना क्षेत्र के महुगांव जंगल में हथियार के साथ मौजूद है और किसी बड़ी घटना की योजना बना रहा है। इसके बाद ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के निर्देशन तथा डीएसपी दीपक कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया।
पुलिस टीम ने देर रात जंगल क्षेत्र की घेराबंदी कर अमृत होरो को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने स्वयं को पीएलएफआई का स्टेट चीफ बताया।
व्यवसायियों से मांगता था लेवी
जांच में सामने आया है कि अमृत होरो और उसके सहयोगी व्यवसायियों, ठेकेदारों और प्रतिष्ठित लोगों को फोन और सोशल मीडिया ऐप के माध्यम से धमकी देकर रंगदारी और लेवी की मांग करते थे। कई मामलों में परियोजनाओं पर फायरिंग और मशीनों में आगजनी भी की गई थी।
"कई चर्चित मामलों में था वांछित"
अमृत होरो पर हत्या, अपहरण, लेवी वसूली और उग्रवादी गतिविधियों से जुड़े कई गंभीर आरोप हैं। पुलिस के मुताबिक उसने वर्ष 2023 में लापुंग में राजेश साहू हत्याकांड, खूंटी में रेल लाइन परियोजना पर हमला, लोहरदगा में राशन दुकानदार से 10 लाख की लेवी मांगने तथा पश्चिमी सिंहभूम में संगठन के सदस्य की हत्या जैसी घटनाओं को अंजाम दिया था।
"पुलिस ने कहा —
PLFI नेतृत्व का सफाया"
रांची पुलिस का दावा है कि अमृत होरो की गिरफ्तारी के साथ ही प्रतिबंधित पीएलएफआई संगठन के शीर्ष नेतृत्व का लगभग पूरी तरह सफाया हो गया है। पुलिस अब उसके अन्य सहयोगियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी
No Previous Comments found.