डकरा स्टेडियम बना बाइक चोरों का ‘सेफ जोन’, मॉर्निंग वॉक पर गए व्यक्ति की मोटरसाइकिल उड़ी,सालभर में आधा दर्जन से अधिक वाहन चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।।

खलारी :  खलारी कोयलांचल क्षेत्र स्थित डकरा स्टेडियम इन दिनों मॉर्निंग वॉक करने वालों के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। स्टेडियम परिसर और उसके आसपास लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं ने लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामले में गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर आए एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार, डकरा ‘ए’ टाइप निवासी संतोष महतो प्रतिदिन की तरह सुबह डकरा स्टेडियम में टहलने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी हीरो होंडा पैशन मोटरसाइकिल (निबंधन संख्या JH01BG 4469) स्टेडियम के बाहर खड़ी की और वॉक के लिए अंदर चले गए। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात चोरों ने मौका पाकर बाइक पर हाथ साफ कर दिया। करीब एक घंटे बाद जब संतोष महतो बाहर लौटे तो उनकी मोटरसाइकिल वहां नहीं थी। काफी खोजबीन के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि डकरा स्टेडियम के आसपास वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पिछले एक वर्ष के दौरान यहां से आधा दर्जन से अधिक मोटरसाइकिलें चोरी हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से स्टेडियम परिसर में नियमित गश्त, सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
घटना के बाद क्षेत्र के मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वाहन चोरों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं।

 रिपोर्टर : राशीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.