थाना क्षेत्र के लहना गांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक घटना में 25 वर्षीय युवक रोहित मिर्धा की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या

रांची : थाना क्षेत्र के लहना गांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक घटना में 25 वर्षीय युवक रोहित मिर्धा की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान लहना निवासी उदित मिर्धा के पुत्र रोहित मिर्धा के रूप में हुई है। घटना बुधवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है।मिली जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने रोहित मिर्धा पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिवार के सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई।इस संबंध में मृतक के पिता उदित मिर्धा ने रातु थाना में लहना निवासी इंदरजीत साहू, उसके पुत्र तथा संतोष साहू समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के लोकप्रिय युवा नेता ओम शंकर गुप्ता घटनास्थल पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने तथा उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।ओम शंकर गुप्ता ने कहा कि, “यह अत्यंत दुखद और निंदनीय घटना है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए। प्रशासन निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार करे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाए।”घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।

रिपोर्टर : नदीम दानिश

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.