राँची में कार पर बाइक का फर्जी नंबर लगाकर चलने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
रांची : चुटिया थाना क्षेत्र में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेधड़क गाड़ियां दौड़ाने वाले एक गंभीर और चौंकाने वाले मामले का भंडाफोड़ हुआ है.पटेल चौक पर तैनात यातायात पुलिस के सहायक अवर निरीक्षक दामोदर कुमार राय स्टेशन रोड स्थित गुरुनानक अस्पताल के सामने चेकिंग और यातायात संचालन का जिम्मा संभाल रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर अवैध पार्किंग (नो-पार्किंग) में खड़ी एक संदिग्ध स्विफ्ट कार पर पड़ी, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JH01EB-5180 था.जब एएसआई दामोदर कुमार राय ने नियम उल्लंघन के लिए चालान काटने के उद्देश्य से अपने डिजिटल डिवाइस में इस गाड़ी का नंबर दर्ज कर सर्च किया, तो स्क्रीन पर आए विवरण को देखकर उनके होश उड़ गए. डिजिटल रिकॉर्ड के अनुसार, जिस नंबर प्लेट को स्विफ्ट कार पर लगाया गया था, वह असल में सुरेश सिंह के नाम पर पंजीकृत एक हीरो ग्लैमर’ मोटरसाइकिल की थी.यानी कार पर बाइक का फर्जी नंबर लगाकर कानून की आंखें में धूल झोंकी जा रही थी. ट्रैफिक पुलिस की मुस्तैदी से कार पर मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट लगाकर घूमने का यह शातिराना खेल पकड़ा गया.
इस संबंध में चुटिया थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पूनम कुजूर ने बताया कि स्विफ्ट कार में फर्जी तरीके से बाइक का नंबर लगाकर चलाया जा रहा था. पूछताछ के दौरान आरोपी कार चालक अमजद ने जो खुलासा किया, वह चौंकाने वाला है. चालक ने पुलिस को बताया कि कार की फाइनेंस कंपनी की कई किश्तें बाकी थीं. डर था कि फाइनेंस कंपनी वाले गाड़ी को जब्त कर लेंगे. इसी जब्ती के डर से बचने के लिए अमजद ने अपनी कार पर मोटरसाइकिल का फर्जी नंबर लगा दिया था. थाना प्रभारी पूनम कुजूर के अनुसार, आरोपी अमजद पुलिस के सामने कार का कोई भी वैध कागजात (आरसी या इंश्योरेंस) प्रस्तुत नहीं कर सका.कार चालक का कहना है कि यह कार किसी दूसरे के नाम पर ली गई थी. कागजात न होने के कारण अब पुलिस को इस बात का गहरा शक है कि कहीं यह कार चोरी की तो नहीं है? पुलिस अब इस बिंदु पर भी कड़ाई से जांच कर रही है कि इस फर्जीवाड़े के पीछे कोई और बड़ा आपराधिक सिंडिकेट तो काम नहीं कर रहा था. फिलहाल, आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.मोहम्मद अमजद (उम्र करीब 40 वर्ष, पिता- शाकिर हुसैन,कमड़े,रातू, का रहने वाला है.
रिपोर्टर : नदीम दानिश
No Previous Comments found.