9 से10 लाख रुपये के बिजली बिल पर बवाल, विद्युतकर्मी की पिटाई; माथा फूटा, रिम्स रेफर

बुढ़मू : थाना क्षेत्र के उमेडंडा निवासी विद्युतकर्मी राहुल कुमार (28) की कथित रूप से बिजली बिल विवाद को लेकर जमकर पिटाई कर दी गई। घटना में राहुल के माथे में गंभीर चोट आई तथा शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें लगीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया।

पीड़ित राहुल कुमार ने बताया कि वह पावर हाउस से कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान नाउज के समीप डुंडु गांव निवासी रवि कुमार ने उन्हें रोककर 9 लाख 10 हजार 663 रुपये का बिजली बिल आने का आरोप लगाया। राहुल के अनुसार, रवि ने कहा कि बिल जानबूझकर बढ़ाया गया है और इसके लिए वह जिम्मेदार हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
राहुल का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रवि ने अपने गांव से अन्य लोगों को बुला लिया और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने बताया कि उन्होंने उपभोक्ता से आवेदन देने को कहा था, ताकि बिजली बिल में सुधार की प्रक्रिया शुरू की जा सके, लेकिन आरोपित पक्ष ने उनकी बात नहीं सुनी। मारपीट के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना की सूचना मिलने पर बुढ़मू पुलिस मौके पर पहुंची और घायल विद्युतकर्मी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपित और उसके सहयोगी मौके से फरार हो गए। राहुल कुमार ने बुढ़मू थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

"अनाप-शनाप बिजली बिल से बढ़ रहा उपभोक्ताओं का आक्रोश"

क्षेत्र में कथित रूप से अत्यधिक बिजली बिल आने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गलत या असामान्य बिलों को लेकर उपभोक्ताओं में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि किसी भी प्रकार की शिकायत का समाधान विभागीय प्रक्रिया और कानूनी माध्यमों से होना चाहिए, न कि हिंसा के जरिए।

"जांच के बाद होगी स्थिति स्पष्ट"

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, बिजली बिल में कथित गड़बड़ी और मारपीट की घटना को लेकर संबंधित विभाग और पुलिस की जांच के बाद ही पूरे  मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

रिपोर्टर : राशीद अंसारी 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.