डकरा काटा घर के पास हाइवा चालकों की मनमानी से रोज़ लग रहा जाम, जेएमएम नेता भी फंसे

राँची - ​खलारी डकरा काटा घर के पास मुख्य सड़क (मेन रोड) पर इन दिनों आम जनता का चलना मुहाल हो गया है। हाइवा चालकों की मनमानी और बेतरतीब तरीके से वाहनों को सड़क पर खड़ा करने के कारण यहां आए दिन लंबा जाम लग रहा है। इस भारी जाम की वजह से स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

"​सीसीएल प्रबंधन की लापरवाही आ रही सामने"

​मिली जानकारी के अनुसार, ये हाइवा डकरा से चूरी माइंस तक कोयला ढोने का काम करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गंभीर समस्या का मुख्य कारण सीसीएल (सीसीएल) प्रबंधन की उदासीनता है। प्रबंधन को चाहिए कि डकरा काटा घर के पास सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और यातायात को नियंत्रित करने के लिए "सीआईएसएफ के जवानों को तैनात करे। लेकिन प्रबंधन द्वारा ऐसा नहीं किए जाने के कारण हाइवा चालक बेखौफ होकर मनमाने ढंग से बीच सड़क पर ही गाड़ियां खड़ी कर देते हैं, जिससे पूरा मार्ग ठप हो जाता है।

"​जाम में फंसे जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष, बुलाई गई पुलिस"

​सड़क पर अव्यवस्था का आलम यह है कि आज खुद झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के खलारी प्रखंड अध्यक्ष श्यामजी महतो भी इस भीषण जाम में काफी देर तक फंसे रहे। आम जनता की परेशानी और सड़क की स्थिति को देखते हुए उन्होंने तुरंत खलारी प्रशासन (पुलिस) को मामले की सूचना दी।

"​तनावपूर्ण स्थिति के बाद कार्रवाई:"
 

सूचना मिलते ही खलारी प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सूझबूझ से काम लेते हुए सड़क पर बेतरतीब खड़े हाइवा को हटवाया और काफी मशक्कत के बाद जाम को पूरी तरह से खुलवाया, तब जाकर आवागमन सामान्य हो सका। ​स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने मांग की है कि इस रूट पर नियमित रूप से सुरक्षा बल तैनात किए जाएं ताकि भविष्य में लोगों को इस तरह के नरकीय जाम से न जूझना पड़े।

 रिपोर्टर - राशीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.