बुढ़मू में विकास को मिली रफ्तार, 2.42 करोड़ की चार योजनाओं का हुआ शिलान्यास
बुढ़मू : केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ एवं कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा ने बुढ़मू प्रखंड में विकास कार्यों को नई गति देते हुए लगभग 2 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से बनने वाली चार महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में सड़क, शिक्षा और आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी।
शिलान्यास की गई योजनाओं में लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला बुढ़मू-मुरुपिरी मुख्य पथ शामिल है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। वहीं लगभग 90 लाख रुपये की लागत से विद्यालय में छह नए कमरों का निर्माण किया जाएगा, जिससे छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
इसके अलावा कनडेर गांव में मोहन जायसवाल के घर से सारले तक 44 लाख रुपये की लागत से पीसीसी पथ का निर्माण कराया जाएगा। वहीं सोसई गांव में मुख्य पथ से भारत प्रसाद के घर तक पेवर ब्लॉक पथ का निर्माण होगा, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि सड़क और विद्यालय जैसी बुनियादी सुविधाएं ग्रामीण विकास की रीढ़ होती हैं। केंद्र सरकार का लक्ष्य विकास की रोशनी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
वहीं कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र की सभी मूलभूत समस्याओं का चरणबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा। उन्होंने संवेदकों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी योजनाओं को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाए। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। लोगों ने विकास योजनाओं के शिलान्यास पर खुशी जताते हुए क्षेत्र के विकास के प्रति विश्वास व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना था कि इन योजनाओं के पूरा होने से आवागमन, शिक्षा और ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को नया आयाम।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी
No Previous Comments found.