भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने का लिया गया संकल्प

रांची - पिस्कानगड़ी आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से नगड़ी थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस मुख्यालय टू के उपाधीक्षक अजय आर्यन ने की। बैठक में शांति समिति के सदस्य,विभिन्न मोहर्रम कमेटियों के पदाधिकारियों,अखाड़ाधारियों, जनप्रतिनिधियों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।बैठक के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने आपसी भाईचारे,सामाजिक समरसता एवं शांति के साथ मोहर्रम पर्व मनाने का संकल्प लिया। साथ ही प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करने पर सहमति जताई गई। अधिकारियों ने पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, निर्धारित मार्गों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने की अपील की।बैठक में मोहर्रम के आयोजन को लेकर विभिन्न कमेटियों ने अपने कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की। मुहर्रम एक्शन कमेटी, प्रेमनगर पतरा चौली के संरक्षक यासीन अंसारी एवं सदर मामूल अंसारी ने बताया कि कमेटी के तत्वावधान में आगामी 28 जून को मोहर्रम जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए बसिला रोड स्थित हुसैनी इमामबाड़ा पहुंचेगा, जहां सभी अखाड़े एकत्रित होकर मोहर्रम मेले में शामिल होंगे। मेला का आयोजन शाम सात बजे तक किया जाएगा। वहीं देवरी नवजवान कमेटी के अध्यक्ष मुन्तज़िर अंसारी ने जानकारी दी कि कमेटी के बैनर तले 30 जून को देवरी से मोहर्रम जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस नगड़ी क्षेत्र के निर्धारित मार्गों से होकर गुजरेगा। दोनों कमेटियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से आयोजित किए जाएंगे उपाधीक्षक अजय आर्यन ने कहा कि मोहर्रम आस्था, त्याग और अनुशासन का पर्व है। उन्होंने सभी समितियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है।बैठक का संचालन नगड़ी थाना प्रभारी अभिषेक राय ने किया। उन्होंने सभी समितियों के प्रतिनिधियों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें।बैठक में मुख्य रूप से जिला परिषद सदस्य पूनम देवी, प्रमुख मदूवा कच्छप,उप प्रमुख अफसाना प्रवीण,वरिष्ठ समाजसेवी लाल प्रेम प्रकाश नाथ शाहदेव,तपेश्वर केशरी, हाजी शाकिर अहमद,एएसआई बीरेंद्र मंडल, कुलदेव शाह,राम कुमार केशरी,मो.हासिम,अब्दुल कुद्दुस,केशव भगत,चूड़ामणि महतो, बजरंग महतो,शहीद अहमद,यासीन अंसारी,प्रेमसागर महतो,गुलरेज अंसारी,ऐनुल अंसारी सज्जाद अंसारी,मंजूर अंसारी, कृष्णा सिंह,मामून अंसारी,तस्लीम अंसारी,सुरेश महतो,राजेन्द्र महतो,जुल्फान अंसारी,हाजी रकीब,जाकिर अंसारी,अख्तर अंसारी,शाहबीर लोहरा,मुन्तजिर अंसारी,भोला केशरी,रवि केशरी सत्यनारायण ठाकुर सहित दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित थे। मोहर्रम पर्व को लेकर आयोजित इस बैठक में प्रशासन और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला,जिससे क्षेत्र में शांति,सौहार्द और भाईचारे का संदेश प्रसारित हुआ।

रिपोर्टर - नदीम दानिश 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.