टीएसपीसी के दो सक्रिय उग्रवादी गिरफ्तार, 20 से अधिक मामलों में थे वांछित
खलारी : नक्सलवाद एवं संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी।
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक, चतरा के निर्देश पर नक्सली कांडों और संगठित अपराध में संलिप्त फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए उनके नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। पिपरवार थाना कांड संख्या-23/25 के अनुसंधान के दौरान तकनीकी जांच और लगातार छापेमारी के आधार पर दोनों आरोपियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मसी तिग्गा (19 वर्ष), पिता स्वर्गीय अब्राहम तिग्गा, ग्राम खंधार, थाना टंडवा तथा किरण नगडवार (45 वर्ष), पिता स्वर्गीय संतोष नगडवार, ग्राम चिरालौंगा, थाना टंडवा (स्थायी पता बड़कागांव, हजारीबाग) शामिल हैं। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपी लंबे समय से नक्सली गतिविधियों और संगठित अपराध में सक्रिय थे। इनके खिलाफ रंगदारी, आगजनी, आर्म्स एक्ट, विस्फोटक अधिनियम, सीएलए एक्ट, यूएपीए सहित कई गंभीर धाराओं में पिपरवार, टंडवा, बड़कागांव, बुंडू, केरेडारी और खलारी थानों में करीब 20 मामले दर्ज हैं।
एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने कहा कि चतरा पुलिस नक्सलवाद, संगठित अपराध और रंगदारी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। फरार उग्रवादियों और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
छापेमारी टीम में शामिल रहे: एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार, पिपरवार थाना प्रभारी अभय कुमार (एसआई), अभिमन्यु कुमार (एसआई) सहित थाना के सशस्त्र बल के जवान।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी
No Previous Comments found.