8 लाख के गहने और ₹50 हजार नकद लेकर कथित प्रेमी संग फरार होने का आरोप
रांची : राजधानी रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित डैम साइड, डीटी-940 के समीप रहने वाले राजकमल ने अपनी पत्नी रोशनी कुमारी पर करीब ₹8 लाख के सोने-चांदी के गहने और ₹50 हजार नकद लेकर कथित प्रेमी अर्जुन सोनी के साथ फरार होने का आरोप लगाया है। मामले में विधानसभा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, राजकमल ने आरोप लगाया है कि पत्नी के मायके पक्ष को उसके कथित प्रेम संबंध की पहले से जानकारी थी, लेकिन यह बात छिपाकर उससे विवाह कराया गया।
राजकमल के अनुसार, 23 जून की रात करीब 1 बजे रोशनी कुमारी बिना किसी को बताए घर से निकल गई। रात करीब 2 बजे जब उनकी नींद खुली तो पत्नी घर में नहीं थी। कमरे का सामान बिखरा हुआ था। गोदरेज आलमारी की जांच करने पर उसमें रखे लगभग ₹8 लाख के सोने-चांदी के गहने और ₹50 हजार नकद भी गायब मिले।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि रोशनी कुमारी अपने कथित प्रेमी अर्जुन सोनी के साथ मिलकर गहने और नकदी लेकर फरार हो गई है। राजकमल ने पुलिस से यह भी अनुरोध किया है कि यदि जांच में यह आरोप सही पाए जाते हैं और मायके पक्ष की संलिप्तता सामने आती है, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल विधानसभा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : नदीम दानिश
No Previous Comments found.