दोस्त ने ली दोस्त की जान, घाघरा गांव में युवक की हत्या, मधेपुरा अखड़ा के पास मिला शव
रांची : रात में दोस्त के साथ घर से निकला था युवक, सुबह लहूलुहान हालत में मिला शव; शराब के दौरान विवाद के बाद चाकू से हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी थाना क्षेत्र अंतर्गत घाघरा गांव में एक युवक की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुरेंद्र मुंडा के पुत्र रविंद्र मुंडा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रविंद्र मंगलवार रात अपने बचपन के दोस्त विकास मुंडा (पिता- स्व. लेटे मुंडा) के साथ घर से निकला था। बुधवार सुबह गांव के मधेपुरा अखड़ा के समीप उसका लहूलुहान शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने शव देख तत्काल परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार दोनों दोस्त देर रात मधेपुरा अखड़ा में साथ बैठे थे। आशंका है कि इस दौरान शराब पीने के बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि विकास मुंडा ने कथित तौर पर चाकू से रविंद्र मुंडा पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि हत्या की असली वजह और घटनाक्रम का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में आधिकारिक जानकारी दी जाएगी।
रिपोर्टर : नदीम दानिश
No Previous Comments found.