टीएसपीसी उग्रवादियों की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप, डीएसपी के नेतृत्व में सीमा क्षेत्र में चला व्यापक सर्च अभियान
खलारी : प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के सदस्यों की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया। सूचना को गंभीरता से लेते हुए डीएसपी रामनारायण चौधरी के नेतृत्व में बुढ़मू थाना प्रभारी नवीन शर्मा, एसईटी (स्पेशल ऑपरेशन टीम) तथा जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम ने केरेडारी एवं बुढ़मू थाना क्षेत्र की सीमा पर व्यापक छापामारी एवं सर्च अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने सीमावर्ती जंगलों, पहाड़ी इलाकों, कच्चे रास्तों और संभावित ठिकानों की गहन तलाशी ली। जवानों ने कई संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त करते हुए हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी। अभियान के दौरान क्षेत्र में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी गई तथा स्थानीय लोगों से भी आवश्यक जानकारी जुटाई गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हाल के दिनों में टीएसपीसी उग्रवादियों की संभावित आवाजाही की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है। इसी कड़ी में यह संयुक्त अभियान चलाया गया, ताकि किसी भी उग्रवादी गतिविधि को समय रहते विफल किया जा सके और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे।
हालांकि समाचार लिखे जाने तक अभियान के दौरान किसी उग्रवादी की गिरफ्तारी अथवा किसी बड़ी बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि अभियान पूरी सतर्कता के साथ चलाया गया और आगे भी इसी तरह लगातार सर्च ऑपरेशन एवं छापामारी अभियान जारी रहेंगे, ताकि उग्रवादी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी
No Previous Comments found.