म्यूटेशन के नाम पर 90 हजार की रिश्वत मांगने वाला बुढ़मू अंचल का सीओ गिरफ्तार

रांची :  झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुढ़मू अंचल के अंचलाधिकारी सच्चिदानंद कुमार वर्मा, राजस्व उप-निरीक्षक (हल्का कर्मचारी) राजेश किशोर रवि और उसके भाई गौतम कुमार रवि को रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। एसीबी की विशेष जाल बिछाने वाली टीम ने तीनों आरोपियों को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

दाखिल-खारिज कराने के एवज में मांगी गई थी रकम
मामला जमीन के दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, माण्डर थाना क्षेत्र के ब्राम्बे गांव निवासी सुबोध कुमार ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने बुढ़मू प्रखंड के मौजा साइम में स्थित खाता संख्या 100 और प्लॉट संख्या 1359 की तीन एकड़ 20 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री अपनी पत्नी पिंकी देवी, साली जया कुमारी और संगीता गुप्ता के नाम कराई थी।
जमीन के दाखिल-खारिज के लिए उन्होंने बुढ़मू अंचल कार्यालय में आवेदन के साथ जमीन से संबंधित दस्तावेज जमा किए थे। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी उनका काम लंबित रखा गया। आरोप है कि दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी करने के बदले 90 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी।
शिकायत के बाद एसीबी ने रची कार्रवाई की योजना
शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी की टीम ने पूरी तैयारी के साथ जाल बिछाया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम देने भेजा गया। जैसे ही आरोपी रुपये लेने पहुंचे, एसीबी की टीम ने उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद अंचल कार्यालय में मचा हड़कंप
कार्रवाई के बाद बुढ़मू अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया है। एसीबी की टीम गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

रिपोर्टर : राशीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.