मानसून सत्र से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम, झारखंड के मुद्दों पर हुई अहम चर्चा

रांची : संसद के आगामी मानसून सत्र से पहले झारखंड से नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सफल संसदीय कार्यकाल की कामना की।

मुलाकात के दौरान झारखंड के विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों, राज्य के अधिकारों तथा सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उम्मीद जताई कि बैद्यनाथ राम राज्यसभा में झारखंड की जनभावनाओं, आदिवासी-मूलवासी हितों, राज्य के अधिकारों और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे झारखंड की जनता से जुड़े सवालों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से रखें, ताकि राज्य की समस्याओं और मांगों को उचित महत्व मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि बैद्यनाथ राम पूरी प्रतिबद्धता के साथ संसद में झारखंड की आवाज बनेंगे।

वहीं, राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें संसद भेजा है, उस पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि वे राज्य के विकास, युवाओं के रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, आदिवासी-मूलवासी अधिकार, सामाजिक न्याय तथा झारखंड के संवैधानिक और आर्थिक हितों से जुड़े सभी महत्वपूर्ण मुद्दों को राज्यसभा में मजबूती से उठाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध झारखंड के लोगों को उनके अधिकार और संसाधनों का समुचित लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए वे संसद में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ राज्य के हितों की आवाज बुलंद करेंगे।

मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद के बीच हुई यह शिष्टाचार मुलाकात आगामी मानसून सत्र के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले संसद सत्र में झारखंड से जुड़े कई अहम मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाया जाएगा।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.