दुस्साहस : घरवालों को कमरे में बंद कर 7 लाख की चोरी, नकदी-जेवरात समेटकर फरार हुए चोर।
रांची - ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के मंदना बगीचा में सोमवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 7 लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर का पिछला दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और पहले बाहर से कमरे का दरवाजा बंद कर दिया, ताकि परिवार के सदस्य बाहर न निकल सकें। इसके बाद घर में रखी नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार,यह घटना बैजू यादव के घर में हुई। सुबह जब परिवार के लोग जागे और कमरे से बाहर निकलने का प्रयास किया तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। इसके बाद उन्होंने फोन कर एक परिचित को बुलाया, जिसने मुख्य दरवाजा खोलकर उन्हें बाहर निकाला। बाहर आने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान गायब मिला। परिजनों ने चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई है। घटना की सूचना मिलते ही ठाकुरगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। जल्द ही चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रिपोर्टर - राशीद अंसारी
No Previous Comments found.