रांची में पहली बार डूरंड कप का आयोजन, 26 जुलाई को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे उद्घाटन
रांची : झारखंड की राजधानी रांची पहली बार एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप की मेजबानी करने जा रही है। 26 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में कुल सात मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन 26 जुलाई को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। उद्घाटन समारोह में कई विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
टूर्नामेंट के तहत ग्रुप-सी के छह लीग मुकाबले तथा एक क्वार्टर फाइनल मैच रांची में आयोजित होगा। आयोजन को लेकर राज्य सरकार, भारतीय सेना, जिला प्रशासन और खेल विभाग ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं।
करीब 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाले बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। मैदान की पिच, फ्लडलाइट, खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इस प्रतियोगिता में जमशेदपुर एफसी, इंडियन एयर फोर्स, एससी दिल्ली और श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी के बीच ग्रुप-सी के मुकाबले खेले जाएंगे। जमशेदपुर एफसी के स्टार विंगर ऋत्विक दास और अनुभवी डिफेंडर प्रतीक चौधरी समेत कई चर्चित खिलाड़ियों का खेल देखने का अवसर दर्शकों को मिलेगा।
खेल विभाग ने दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रखा है। हालांकि स्टेडियम में प्रवेश केवल निशुल्क टिकट के आधार पर ही मिलेगा। टिकट वितरण के लिए स्टेडियम परिसर में कई काउंटर बनाए जाएंगे और क्षमता के अनुसार ही टिकट जारी किए जाएंगे, ताकि भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
खेल निदेशक छवि रंजन ने बताया कि दर्शकों के लिए प्रवेश मुफ्त रहेगा, लेकिन टिकट लेना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य स्टेडियम की क्षमता के अनुरूप दर्शकों को प्रवेश देना और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। आयोजन के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी।
पहला मुकाबला 26 जुलाई को शाम 5 बजे जमशेदपुर एफसी और श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी के बीच खेला जाएगा। इसके बाद 29 जुलाई, 4 अगस्त, 7 अगस्त, 10 अगस्त और 13 अगस्त को ग्रुप मुकाबले होंगे, जबकि 16 अगस्त को क्वार्टर फाइनल खेला जाएगा। रांची में पहली बार डूरंड कप के आयोजन से झारखंड के युवा फुटबॉल खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का खेल देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।
रिपोर्टर : नदीम दानिश
No Previous Comments found.