मेसरा में पूर्व बैंक कैशियर के बंद घर में बड़ी चोरी,जेवरात और नकदी समेत 15 लाख की संपत्ति पर चोरों ने किया हाथ साफ

रांची : राजधानी रांची के मेसरा ओपी क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया। पंचौली, सचिवालय के पास स्थित पूर्व बैंक कैशियर अर्जुन प्रसाद सिंह के घर से चोर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, डॉलर समेत करीब 15 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति लेकर फरार हो गए।

बताया गया कि 70 वर्षीय अर्जुन प्रसाद सिंह अपने छोटे पुत्र के पास आवश्यक कार्य से एक माह के लिए अमेरिका गए हुए थे। उनके घर पर देखभाल के लिए प्रियांसु सिंह और सुमीत मुण्डा रात में सोते थे।
दिनांक 18-19 जुलाई की रात तेज बारिश के दौरान जब सुमीत मुण्डा रात करीब 12:37 बजे मकान पर पहुंचे तो उन्होंने मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ पाया। गेट अंदर से बंद था। घर के अंदर से कुछ आवाज आने पर उन्होंने प्रियांसु सिंह को फोन कर घटना की जानकारी दी।
इसके बाद प्रियांसु सिंह और जगेश्वर महतो करीब 15-20 मिनट के अंदर मौके पर पहुंचे। तीनों ने घर के अंदर जाकर देखा तो मुख्य गेट सहित कई कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था।
घटना की सूचना सुबह करीब 5:50 बजे अर्जुन प्रसाद सिंह को दी गई। इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। मेसरा ओपी की टीम ने मौके पर पहुंचकर घर और आसपास के क्षेत्रों की जांच की। पुलिस ने घटनास्थल से एक लोहे का पाइप और रिंच बरामद कर कब्जे में लिया है।
पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि चोर घर से सोने की चेन, सोने की चूड़ी, अंगूठी, चांदी की मूर्तियां, नकदी, विदेशी मुद्रा (डॉलर), कपड़े और अन्य कीमती सामान ले गए हैं। चोरी गए सामानों की सूची पुलिस को सौंप दी गई है।
अर्जुन प्रसाद सिंह ने मेसरा ओपी में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने, चोरों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गए सामानों की बरामदगी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बंद मकान को बनाया निशाना, ताले तोड़कर आराम से की चोरी
भारी बारिश और रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

रिपोर्टर : राशीद अंसारी 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.