विधायक प्रतिनिधि सरफराज अहमद उर्फ गुड्डू ने दिया इस्तीफा
रांची : कांके विधानसभा क्षेत्र के बुढ़मू प्रखंड में विधायक प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत अधिवक्ता सरफराज अहमद उर्फ गुड्डू ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना त्यागपत्र कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा को भेजते हुए कहा कि भारी मन और अंतरात्मा की आवाज पर वह यह निर्णय ले रहे हैं।
अपने इस्तीफा पत्र में सरफराज अहमद ने कहा कि उन्होंने विधायक प्रतिनिधि का दायित्व किसी पद या व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा, विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के उद्देश्य से स्वीकार किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और वित्तीय शुचिता को लेकर कई सवाल उनके सामने आए, जिससे उन्हें पद पर बने रहना उचित नहीं लगा।
उन्होंने पत्र में लिखा कि सार्वजनिक जीवन में पद से बड़ा चरित्र और सत्ता से बड़ा सत्य होता है। उन्होंने कहा कि वह ऐसी किसी व्यवस्था का हिस्सा नहीं बन सकते, जिस पर ईमानदारी और पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हों।
"जनसेवा की भावना से काम करने वालों की अनदेखी"
इस्तीफे के बाद सरफराज अहमद ने कहा कि पार्टी में अच्छे और जनता के प्रति समर्पित भावना से काम करने वाले कार्यकर्ताओं एवं प्रतिनिधियों को उचित सम्मान नहीं मिल रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जनहित में काम करने वालों की बात नहीं सुनी जाएगी तो प्रतिनिधि पद पर बने रहने का औचित्य क्या है।
"इस्तीफे के बाद राजनीतिक हलचल तेज"
सरफराज अहमद के इस्तीफे के बाद कांके विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। उनके इस फैसले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब सभी की नजर विधायक सुरेश कुमार बैठा की प्रतिक्रिया पर है।
वहीं, सरफराज अहमद ने स्पष्ट किया कि उनका निर्णय किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं है, बल्कि सार्वजनिक जीवन में नैतिकता, जवाबदेही और स्वच्छ प्रशासन के समर्थन में उठाया गया कदम है।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी
No Previous Comments found.