चापाटोली विद्यालय में शिक्षकों की कमी पर सरकार से जल्द नियुक्ति की मांग"
रातू - चापाटोली स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक मास्टर जब्बार को 21 वर्षों की उत्कृष्ट शैक्षणिक सेवा के उपलक्ष्य में उम्मीद आस फाउंडेशन के संस्थापक एवं इंडियन डायनामिक पब्लिक स्कूल के निदेशक नौशाद आलम ने सम्मानित किया। इस अवसर पर आयोजित विदाई समारोह में ग्रामीणों ने भी उन्हें उपहार भेंट कर भावभीनी विदाई दी तथा विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर इस पल को यादगार बनाया।
समारोह को संबोधित करते हुए नौशाद आलम ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही बेहतर समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव रखती है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए समाज और सरकार,दोनों को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने मास्टर जब्बार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे समर्पित शिक्षक समाज को विरले ही मिलते हैं। एक आंख से दृष्टिबाधित होने और हार्ट पेसमेकर लगे होने के बावजूद उन्होंने वर्षों तक घर-घर जाकर बच्चों को विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया। शिक्षा के प्रति उनका समर्पण नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। एक शिक्षिका के भरोसे चल रहा विद्यालय नौशाद आलम ने विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कक्षा एक से पांच तक संचालित इस विद्यालय में पहले दो पारा शिक्षक कार्यरत थे, जिनमें से एक की सेवा समाप्त हो चुकी है। वर्तमान में केवल एक पारा शिक्षिका के भरोसे पूरे विद्यालय का संचालन हो रहा है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उनके भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। उन्होंने झारखंड सरकार से मांग की कि विद्यालय में अविलंब कम से कम दो से तीन शिक्षकों की नियुक्ति की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के अधिकांश परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और निजी विद्यालयों की फीस वहन करने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे में सरकारी विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का संचालन रब्बानी अंसारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जसीम अंसारी ने किया। समारोह में पूर्व सैनिक अंजुम खान,जमील अख्तर अंसारी,मुसर्रत परवीन, विक्रम उरांव,अब्दुल कयूम अंसारी,मजलूम अंसारी,लियाकत अंसारी,वरुण मुंडा,मनोज मुंडा,मनव्वर अंसारी,साबीर अंसारी सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
रिपोर्टर - राशीद अंसारी
No Previous Comments found.