नशा मुक्त समाज के संकल्प के साथ वार्ड 49 में चला जागरूकता अभियान
रांची : नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से रविवार को वार्ड 49 के नीम चौक, मनीटोला में नशा मुक्ति अभियान के तहत विशेष बैठक एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने शामिल होकर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को अपना समर्थन दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशे की गिरफ्त में आ चुके लोगों और बच्चों को नशा मुक्ति एवं रिहैब सेंटर तक पहुंचाकर उन्हें सामान्य जीवन की ओर लौटने में सहयोग करना रहा।
मौके पर डोरंडा थाना प्रभारी अभिनंदन कुमार, वार्ड 49 की पार्षद जमीला खातून, वार्ड 45 के पार्षद पप्पू गद्दी, अरगोड़ा अंचल अधिकारी अरविंद उपाध्याय, समाजसेवी रिजवान हुसैन, शंभू गुप्ता, मुन्ना, मो. असगर, शाहिद खान एवं समीर हेजाजी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने लोगों को नशे से होने वाले सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक नुकसान के बारे में जागरूक किया। वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का जीवन बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे अपने आसपास नशे की लत से जूझ रहे लोगों की पहचान कर उन्हें हतोत्साहित करने के बजाय उपचार और पुनर्वास की दिशा में सहयोग करें। साथ ही बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए परिवार एवं समाज को मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया गया।
वार्ड पार्षद जमीला खातून ने कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और समाज के हर वर्ग को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे ऐसे अभियानों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और एक जिम्मेदार नागरिक होने का कर्तव्य निभाएं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में हरसंभव सहयोग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने क्षेत्र में “नशा छोड़ें, जीवन संवारें” का सकारात्मक संदेश दिया।
रिपोर्टर : नदीम दानिश
No Previous Comments found.