रांची के हिंदपीढ़ी में आधी रात उत्पात, आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों में तोड़फोड़; पुलिस CCTV खंगालने में जुटी
रांची : राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र स्थित निजाम नगर में सोमवार देर रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। मोती मस्जिद रोड और मक्का मस्जिद रोड पर सड़क किनारे खड़ी आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि वाहन मालिकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात बदमाशों ने एक-एक कर कई वाहनों को निशाना बनाया। जिन वाहनों में तोड़फोड़ की गई, उनमें हुंडई वरना, टाटा नेक्सॉन, स्कॉर्पियो, सूमो समेत अन्य गाड़ियां शामिल हैं। बताया जा रहा है कि क्षतिग्रस्त वाहनों में एक कार पुलिसकर्मी की भी है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।
मंगलवार सुबह जब वाहन मालिक अपनी गाड़ियों के पास पहुंचे तो उनके शीशे टूटे मिले। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों ने तत्काल हिंदपीढ़ी थाना पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में इस तरह की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी, रात में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही हिंदपीढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि तोड़फोड़ करने वाले आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
रिपोर्टर : नदीम दानिश
No Previous Comments found.