बड़गांव मॉब लिंचिंग मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की उठी मांग
रांची : झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष माननीय हेदायतुल्लाह खां से विधायक प्रतिनिधि शमीम बड़ेहार एवं शेख भिखारी मेमोरियल सोसाइटी के मुख्य संयोजक इकबाल हुसैन ने हुरहुरी (रांची) में शिष्टाचार मुलाकात कर झारखंड में अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में अल्पसंख्यकों के विकास, शिक्षा, सुरक्षा एवं सामाजिक सशक्तिकरण से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया। साथ ही बड़गांव (टंडवा) में हुई मॉब लिंचिंग की घटना पर आयोग का ध्यान आकृष्ट करते हुए दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी, उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आयोग के अध्यक्ष को बुके, शॉल एवं माला पहनाकर भव्य स्वागत किया।
मांगों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आयोग के अध्यक्ष हेदायतुल्लाह खां ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि झारखंड सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हरसंभव न्याय दिलाया जाएगा तथा घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। कानून के अनुसार निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मुलाकात के दौरान कारी जान मोहम्मद, अफताब आलम, कुद्दूस अंसारी, हफीज राजा, अंसारुल हक, तनवीर हसन, अमीरुल हक, अमीर उद्दीन सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी
No Previous Comments found.