डाटा एंट्री ऑपरेटरों ने काला बिल्ला लगाकर जताया विरोध

रांची : झारखंड राज्य आजीविका कंप्यूटर ऑपरेटर संघ के आह्वान पर मंगलवार को राज्यभर के डाटा एंट्री ऑपरेटरों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान ऑपरेटरों ने शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से सरकार और संबंधित विभाग का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकृष्ट कराया।

संघ की प्रमुख मांग है कि झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस), पलाश एवं ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड सरकार में लंबे समय से कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटरों को एचआर मैनुअल में लेवल-7 में शामिल किया जाए। साथ ही उनके पद एवं वेतनमान को उचित रूप से निर्धारित करने की मांग की गई है।

संघ का कहना है कि डाटा एंट्री ऑपरेटर वर्षों से विभागीय कार्यों को पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ संचालित कर रहे हैं। इसके बावजूद उनकी सेवा शर्तों और वेतनमान से जुड़ी मांगों पर अब तक ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

संघ के अध्यक्ष कर्ण कुमार गुप्ता ने कहा कि काला बिल्ला कार्यक्रम सरकार एवं विभाग का ध्यान डाटा एंट्री ऑपरेटरों की जायज मांगों की ओर आकर्षित करने के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो संघ चरणबद्ध आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगा।

संघ ने राज्य सरकार एवं संबंधित विभाग से डाटा एंट्री ऑपरेटरों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए उन्हें एचआर मैनुअल में लेवल-7 में शामिल करने की मांग पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है।

रिपोर्टर : अमित शर्मा 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.