JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने के फैसले के खिलाफ सड़क पर उतरे सफल अभ्यर्थी
राँची : JSSC-CGL परीक्षा रद्द किए जाने के सरकार के फैसले के खिलाफ नवनियुक्त सहायक प्रशाखा पदाधिकारियों का विरोध तेज हो गया है। मंगलवार को लगातार हो रही तेज बारिश के बीच बड़ी संख्या में सफल अभ्यर्थी प्रोजेक्ट भवन के बाहर जुटे और सरकार के निर्णय के खिलाफ प्रदर्शन किया।
अभ्यर्थियों ने सरकार के फैसले को मानने से इनकार करते हुए कहा कि वे किसी भी मौखिक आदेश को स्वीकार नहीं करेंगे। उनका कहना है कि यदि परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया है, तो सरकार इसका लिखित आदेश जारी करे। इसके बाद वे कानूनी रूप से अदालत में इस फैसले को चुनौती देंगे।
सफल अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने मेहनत और योग्यता के आधार पर परीक्षा पास की है और नियुक्ति के बाद पिछले कई महीनों से विभिन्न सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनका तर्क है कि यदि चयन प्रक्रिया में किसी स्तर पर गड़बड़ी हुई है, तो उसके लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। पूरी परीक्षा रद्द कर सभी चयनित अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित करना उचित नहीं है।
अभ्यर्थियों ने कहा कि वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए अब कानूनी लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। सोमवार रात से ही सफल अभ्यर्थियों में सरकार के फैसले को लेकर नाराजगी है। मंगलवार सुबह से ही बारिश के बावजूद अभ्यर्थी सचिवालय के बाहर प्रदर्शन करते रहे।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी
No Previous Comments found.