रक्षाबंधन पर बेड़ो थाना पहुंचीं छात्राएं, थाना प्रभारी मो. कफिल अहमद को बांधी राखी
रांची : रक्षाबंधन के पावन अवसर पर शुक्रवार को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बेड़ो की छात्राएं बेड़ो थाना परिसर पहुंचीं। छात्राओं ने थाना प्रभारी मो. कफिल अहमद को राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का संदेश दिया। इस दौरान छात्राओं ने थाना प्रभारी को तिलक लगाया और जल छिड़ककर उनकी सुख-समृद्धि, दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
छात्राओं से राखी बंधवाते समय थाना प्रभारी मो. कफिल अहमद के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने छात्राओं के स्नेह और सम्मान के लिए आभार जताते हुए उन्हें हर परिस्थिति में सुरक्षा एवं सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पुलिस और समाज के बीच आपसी विश्वास, सम्मान एवं सौहार्द को मजबूत करना बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर थाना प्रभारी ने छात्र-छात्राओं को नोटबुक, कलम सहित अन्य उपयोगी सामग्री भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मौके पर विद्यालय के निर्देशक सत्येंद्र कुमार, शिक्षिका दिव्या कुमारी सहित थाना के पुलिस बल एवं अन्य लोग मौजूद थे। इस दौरान एकल अभियान से जुड़ी बहनों ने कहा कि पुलिसकर्मी त्योहारों के दौरान भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए क्षेत्रवासियों की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। ऐसे में रक्षाबंधन के अवसर पर पुलिसकर्मियों को राखी बांधना उनके प्रति सम्मान, स्नेह और अपनत्व का प्रतीक है।
रक्षाबंधन के मौके पर छात्राओं और पुलिसकर्मियों के बीच आत्मीयता का माहौल देखने को मिला। छात्राओं की इस पहल ने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ-साथ पुलिस और आम लोगों के बीच आपसी विश्वास, सम्मान एवं सौहार्द का सुंदर संदेश दिया।रक्षाबंधन केवल पर्व नहीं, बल्कि आस्था, प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का पवित्र संदेश है।
रिपोर्टर : नदीम दानिश
No Previous Comments found.