झारखंड को मिलेगी राज्य की पहली 10 लेन स्मार्ट रोड, 177 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
रांची : झारखंड में विकास को नई रफ्तार मिलने जा रही है। राज्य की पहली 10 लेन स्मार्ट रोड बनाने का रास्ता साफ हो गया है। करीब 177 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क का टेंडर पश्चिम बंगाल की कंपनी रामचंद्र पाल को मिला है। काम का आवंटन भी कर दिया गया है और सर्वे का काम शुरू हो गया है। इसमें स्टेट हाइवे ऑथोरिटी ऑफ झारखंड की टीम भी लगी हुई है। खूबसूरत होगी सड़क, मिलेंगी कई सुविधाएं यह सिर्फ सड़क नहीं, बल्कि सुविधाओं से भरपूर स्मार्ट रोड होगी। सड़क के किनारे लोगों के बैठने के लिए बेंच और कुर्सियां लगाई जाएंगी। जगह-जगह झोपड़ीनुमा खुली संरचनाएं बनाई जाएंगी, जहां लोग बैठकर आराम कर सकेंगे। पैदल टहलने वालों का भी खास ध्यान रखा गया है। सड़क के बीच और किनारे फूलों और पौधों से हरियाली की जाएगी, जिससे इसकी खूबसूरती और बढ़ जाएगी। राज्य में पहली बार इस तरह की सड़क बन रही है।
कहां से कहां तक बनेगी यह सड़क?
यह स्मार्ट रोड ओल्ड विधानसभा के आगे विवेकानंद स्कूल मोड़ से शुरू होगी। यहां से जगन्नाथ मंदिर, हाईकोर्ट और नई विधानसभा भवन के मुख्य मार्ग से होते हुए नयासराय आरओबी तक जाएगी। विवेकानंद स्कूल मोड़ से नयासराय आरओबी तक करीब 6.089 किलोमीटर सड़क को सिक्स लेन बनाया जाएगा, जिसके दोनों किनारों पर सर्विस रोड और टू लेन पेव्ड शोल्डर होगा। इसके अलावा नयासराय आरओबी से नयासराय होते हुए रिंग रोड तक करीब 2.12 किलोमीटर मौजूदा सड़क को चौड़ा किया जाएगा। साइकिल ट्रैक और सोलर लाइट से जगमगाएगी सड़क
स्मार्ट रोड के मुख्य हिस्से में सिक्स लेन के साथ साइकिल ट्रैक, फुटपाथ और बेहतर सर्विस रोड होगा। सबसे खास बात यह है कि साइकिल ट्रैक के ऊपर सोलर पैनल लगाए जाएंगे, जिससे सड़क की लाइटें रोशन होंगी। पूरी सड़क पर सोलर सिस्टम लगाया जाएगा और सुरक्षा के सभी मानकों का ध्यान रखा जाएगा।
रिपोर्टर : नदीम दानिश
No Previous Comments found.