हटिया में 28 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

रांची - हटिया के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित विकास नगर रोड नंबर-2, दिव्या एन्क्लेव में सोमवार को 28 वर्षीय महिला ने अपने कमरे में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका की पहचान मीनू कुमारी के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने के बाद जगन्नाथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।

भाई ने दी पुलिस को घटना की जानकारी

घटना के संबंध में मृतका के भाई सुबोध कांत ने पुलिस को बताया कि सोमवार सुबह परिवार के लोग मीनू के घर पहुंचे थे. काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो दरवाजा तोड़ा गया. अंदर मीनू फांसी के फंदे से लटकी मिली. इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सुबोध कांत के अनुसार, मीनू के पति गौरव कुमार ठेकेदारी का काम करते हैं. दो दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद गौरव बच्चों को लेकर पटना चले गए थे. पिछले दो दिनों से मीनू घर में अकेली रह रही थी. भाई ने आशंका जताई है कि पति के साथ हुए विवाद के कारण मीनू ने यह कदम उठाया।

लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज

मृतका के माता-पिता और भाई सिंह मोड़ इलाके में रहते हैं. मृतका का भाई सुबोध कांत हाई कोर्ट में कार्यरत है. पुलिस ने भाई के लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस पति-पत्नी के बीच हुए विवाद समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

रिपोर्टर - नदीम दानिश 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.