फुटबॉल खेल रही 15 वर्षीय छात्रा पर गिरी आकाशीय बिजली, हुई मौत
रांची : पिस्कानगड़ी/नगड़ी। नगड़ी प्रखंड के सपारोम स्थित संत इग्नेशियस हाई स्कूल में बुधवार, 9 सितंबर 2026 को एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय छात्रा शिखा तिर्की की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा बुधवार दोपहर करीब 3 बजे हाउस वाइस फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान हुआ।
बताया गया कि उस समय छात्राएं स्कूल के मैदान में फुटबॉल खेल रही थीं। इसी दौरान हल्की बूंदाबांदी के बीच अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली मैदान में गिरी, जिसकी चपेट में शिखा तिर्की आ गई। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। छात्रा को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
मृतका शिखा तिर्की नयासराय के मठ टोली निवासी बुधराम तिर्की की सुपुत्री थीं। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। वहीं संत इग्नेशियस हाई स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
घटना के बाद नगड़ी अंचल अधिकारी राजेश कुमार ने ऊप प्रमुख प्रतिनिधि अब्दुल कुद्दूस के द्वारा मृतका के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की तथा सहायता राशि के रूप में ₹10,000 नकद प्रदान किया। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया।
शिखा तिर्की की असामयिक मौत से परिवार ने अपनी बेटी को खो दिया, वहीं विद्यालय ने एक होनहार छात्रा को खो दिया है। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्टर : नदीम दानिश
No Previous Comments found.