कांठीटांड़ चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था बेहाल, सड़क पर ही पार्किंग और गैरेज का काम
रांची : राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र स्थित कांठीटांड़ चौक पर इन दिनों यातायात व्यवस्था को लेकर लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। NH-75 के बीच सड़क और दोनों किनारों पर वाहनों की बेतरतीब पार्किंग के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। खास बात यह है कि यह पूरा मामला रातू थाना गेट और प्रखंड मुख्यालय से करीब 500 मीटर की दूरी पर है।
कांठीटांड़ चौक पर ऑटो चालक सड़क के दोनों ओर अपने ऑटो खड़े कर देते हैं। इसके अलावा सड़क के किनारे बड़ी संख्या में बाइक भी इस तरह खड़ी की जा रही हैं, जैसे यहां बाकायदा पार्किंग की व्यवस्था हो।
वहीं, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के पास NH-75 पर एक लाल रंग की अर्बन क्रूज़र कार सड़क के बीचों-बीच खड़ी दिखाई देती है। सड़क की सफेद लेन लाइन के बाहर लोहे की बड़ी बैरिकेडिंग रखकर वाहन खड़ा करने की जगह बना दी गई है। इससे सड़क की चौड़ाई प्रभावित होने के साथ-साथ आने-जाने वाले वाहनों को परेशानी हो रही है।
सड़क किनारे फल दुकान, राहगीरों की मुश्किलें बढ़ीं
चौक के सामने शिलाप की नली से नीचे सड़क किनारे फल की दुकानें भी लगाई जा रही हैं। इससे सड़क के किनारे का हिस्सा और संकरा हो रहा है। पैदल चलने वाले लोगों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क पर ही बन गया मोटरसाइकिल गैरेज!
कांठीटांड़ चौक की सबसे चौंकाने वाली तस्वीर मोटरसाइकिल गैरेज को लेकर सामने आ रही है। चौक के आसपास तीन-चार बड़े मोटरसाइकिल गैरेज बताए जा रहे हैं, लेकिन वाहनों की सर्विसिंग गैरेज के अंदर करने के बजाय सड़क पर ही की जा रही है। सड़क पर मोटरसाइकिलों की सर्विसिंग और खड़े वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था और प्रभावित हो रही है।
प्रशासन और NHAI की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
एक तरफ NH-75 पर यातायात का दबाव लगातार बना रहता है, वहीं दूसरी ओर सड़क के हिस्से पर वाहनों की पार्किंग, फल दुकानें और सड़क पर ही वाहनों की सर्विसिंग से स्थिति और खराब होती दिखाई दे रही है।
कांठीटांड़ चौक पर जिला प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस और NHAI की जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। थाना और प्रखंड मुख्यालय के इतने करीब सड़क की ऐसी स्थिति होने के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं हो रही, यह बड़ा सवाल है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन और संबंधित विभाग मौके का निरीक्षण कर सड़क पर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और सड़क पर वाहनों की सर्विसिंग के खिलाफ कार्रवाई करें, ताकि NH-75 पर यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके और आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
रिपोर्टर : नदीम दानिश
No Previous Comments found.