सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, विधायक के निर्देश पर जांच।।
बुढ़मू। ठाकुरगांव बैंक मोड़ से कोराबार तक बन रही सड़क के निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए सोमवार को प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलराम साहू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों की शिकायत पर कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा के निर्देश पर यह निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने सड़क की ढलाई में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना था कि ढलाई में पत्थर और बालू की जगह स्टोन डस्ट की मात्रा अधिक मिलाई जा रही है, जबकि सीमेंट की मात्रा कम रखी जा रही है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि सड़क की ढलाई निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं की जा रही है।
ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने और संवेदक को निर्धारित मानकों के अनुसार निर्माण कार्य कराने की मांग की। उनका कहना था कि सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण नहीं हुआ तो जल्द ही सड़क क्षतिग्रस्त होने की आशंका है।
मौके पर मौजूद कांके विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि गोपाल तिवारी ने कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी और मानकों के अनुरूप ही सड़क निर्माण कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि बबलू उरांव, रंथेश्वर गिरी, राजू उरांव, अजय साहू, प्रदीप प्रजापति, मुस्ताक आलम, रफीक अंसारी, कमल कुजूर सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।
"संवेदक ने आरोपों को बताया गलत"
वहीं, सड़क निर्माण करा रहे संवेदक ने ग्रामीणों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि गांव के लोगों की मौजूदगी में सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है और सड़क का निर्माण मानक के अनुरूप किया जा रहा है।
रिपोर्टर - राशीद अंसारी
No Previous Comments found.