बुढ़मू में एंटी क्राइम चेकिंग से मचा हड़कंप, सड़कों पर पुलिस की पैनी नजर

बुढ़मू : आगामी पर्व-त्योहार को लेकर बुढ़मू पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से थाना प्रभारी नवीन कुमार शर्मा के नेतृत्व में मुख्य सड़कों पर एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस की अचानक सक्रियता से सड़क पर वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

अभियान के दौरान पुलिस जवानों ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर सघन जांच की। वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के कागजात, हेलमेट, सीट बेल्ट समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को मौके पर ही नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।
थाना प्रभारी नवीन कुमार शर्मा ने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इस तरह के जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, सीट बेल्ट लगाने और सभी जरूरी कागजात साथ रखने की अपील की।
पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान बुढ़मू थाना के जवान मुस्तैद रहे। मुख्य मार्गों पर लगातार जांच से पुलिस ने साफ संकेत दिया कि पर्व-त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

रिपोर्टर : राशीद अंसारी 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.