वियतनाम में सड़क हादसे में मृत युवक का पार्थिव शरीर रांची लाने की पहल

रांची :  वियतनाम में मोटरसाइकिल दुर्घटना में कैलाश नगर, चुना भट्ठा निवासी राजा कुमार वर्मा की मौत के बाद उनके पार्थिव शरीर को रांची लाने की प्रक्रिया तेज करने की पहल की गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों और वार्ड 27 की पार्षद बबली सोनी ने शनिवार को राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी से टेलीफोन पर बातचीत कर मामले से अवगत कराया।

जानकारी के अनुसार, सांसद डॉ. महुआ माजी ने तत्काल रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री सहित संबंधित अधिकारियों से टेलीफोन पर बातचीत कर मृतक के पार्थिव शरीर को रांची स्थित उनके आवास तक लाने की आवश्यक व्यवस्था करने को कहा।
सोमवार को मृतक की मां रूपा वर्मा, भाई शुभम वर्मा, भाभी दीपमाला वर्मा, झारखंड प्रगतिशील मजदूर यूनियन के अध्यक्ष एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के युवा नेता विक्रम सिंह सोनू, वार्ड 27 की पार्षद बबली सोनी, पार्षद प्रतिनिधि मनीष सोनी, रेणु देवी, अर्श कुमार सहित अन्य लोग सांसद डॉ. महुआ माजी के आवासीय कार्यालय पहुंचे। सभी को झामुमो नेता नंद किशोर सिंह चंदेल लेकर पहुंचे।
इस दौरान वार्ड पार्षद बबली सोनी ने सांसद को पूरे घटनाक्रम की जानकारी सिलसिलेवार दी। इसके बाद सांसद डॉ. महुआ माजी ने संबंधित पदाधिकारी से फोन पर बातचीत की और मृतक की मां रूपा वर्मा से भी अधिकारी की वार्ता कराई।
सांसद ने परिजनों को आश्वस्त किया कि राजा कुमार वर्मा के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द रांची लाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार राज्य सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। सांसद ने दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भी भरोसा दिलाया।

रिपोर्टर : राशीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.